Home » Chandigarh » नशे में धुत 2 लड़कियों ने फाड़ी कांस्टेबल की वर्दी

नशे में धुत 2 लड़कियों ने फाड़ी कांस्टेबल की वर्दी

स्मार्ट सिटी में माडर्न युवतियों द्वारा हंगामा करना नयी बात नहीं है। अब फिर 2 युवतियों ने नशे में धुत होकर न सिर्फ अपनी कार से रेड लाइट जंप की बल्कि रोकने पर ट्रैफिक कर्मी की वर्दी तक फाड़ दी।

सूत्रों के अनुसार यह वाकया सेक्टर-43 में कल शाम हुआ। नशे में धुत दोनों युवतियों ने रेड लाइट पर भी कार दौड़ा दी। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों महिलाओं को आज गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जमानत मिल गयी। इनमें एक युवती की शादी इसी सप्ताह होना तय है।

पुलिस के अनुसार दोनों युवतियों ने सेक्टर-43 में जुडिशियल अकादमी के पास रेड लाइट पर अपनी कार जंप की। तब उन्होंने वहा से भागने की कोशिश की। सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन इंचार्ज इंस्पेक्टर नसीब सिंह ने बताया कि रेड लाइट जंप करने के बाद युवतियां सड़क के अंतिम छोर पर जाकर रुकीं। ट्रैफिक विंग में तैनात कांस्टेबल मनजीत कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। मनजीत के अनुसार दोनों युवतियों ने ट्रैफिक नियमों को तोड़ा है।

शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों आरोपी महिलाएं नशे में थीं। उन्होंने उसके साथ तू-तड़ाक की व वर्दी भी फाड़ दी व उसकी ड‍्यूटी में बाधा डाली। तब कांस्टेबल ने पुलिस नियंत्रण कक्ष मे शिकायत दी व पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

शादी की वजह से मिली जमानत

पुलिस ने आरोपी युवतियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामले रजिस्टर कर लिये हैं। पुलिस ने कहा कल देर शाम होने की वजह से युवतियों को गिरफ्तार नहीं किया गया था। उन्हें आज गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। इनमें एक की इसी सप्ताह शादी है इसलिए उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।